जय महाकाल.. ! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जब उज्जैन में ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर के नए परिसर ‘महाकाल लोक’ का लोकार्पण किया, तो चारों ओर इसी जयघोष की गूंज सुनाई दी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रक्षा सूत्र (कलावे) से बनाए गए 15 फीट ऊंचे शिवलिंग की प्रतिकृति से मोदी ने रिमोट के जरिए जैसे ही आवरण हटाया, अध्यात्म का यह नया आंगन सभी के लिए खुल गया।
इससे पहले मोदी ने महाकाल के दर्शन किए और साष्टांग मत्था टेका। महाकाल को चंदन, मोगरे और गुलाब की माला अर्पित कर जनेऊ चढ़ाया। सूखे मेवे और फल का भोग लगाया। दक्षिणा अर्पित की। वे संध्या आरती में भी शामिल हुए। महाकाल के दक्षिण दिशा में बैठकर रुद्राक्ष की माला से 3 मिनट तक जप करते हुए ध्यान लगाया।
‘महाकाल लोक’ प्रोजेक्ट दो फेज में 856 करोड़ रुपए की लागत से डेवलप किया जा रहा है। इसके जरिए 2.8 हेक्टेयर में फैला महाकाल परिसर 47 हेक्टेयर का हो जाएगा। इसमें 946 मीटर लंबा कॉरिडोर है, जहां से श्रद्धालु गर्भगृह पहुंचेंगे।
PM के प्रोग्राम के अपडेट्स…
- शाम 7 बजे के बाद मोदी ने ई-व्हीकल से ‘महाकाल लोक’ का परिसर घूमा। ई-व्हीकल से वे कमल सरोवर, रुद्रसागर और सबसे बड़ी म्यूरल्स वॉल देखने पहुंचे।
- ‘महाकाल लोक’ के लोकार्पण के बाद 108 पिलर की जानकारी CM ने PM से साझा की।
- शाम 6.30 बजे प्रधानमंत्री ने महाकाल को माला अर्पित की, नए वस्त्र चढ़ाए। पूजा पं. घनश्याम शर्मा ने करवाई।
- शम 6 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्जैन में हेलिपैड से सीधा महाकाल मंदिर पहुंचे। वे इंदौर से एयरफोर्स के चॉपर से उज्जैन आए।
- इंदौर में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, मंत्री तुलसी सिलावट, कैलाश विजयवर्गीय ने उनका स्वागत किया।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद से विशेष विमान के जरिए शाम 4.30 बजे इंदौर पहुंचे।
- प्रधानमंत्री का मध्यप्रदेश में महीने में ये दूसरा दौरा है। इससे पहले वे 17 सितंबर को कूनो नेशनल पार्क (श्योपुर) आए थे।
- क्षिप्रा के तट पर इस प्रोग्राम को दिखाने के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई है। ये प्रोग्राम 40 देशों में लाइव दिखाया जा रहा है।
Source – Danik Bhaskar