राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों से स्नातक पास लगभग 1.25 लाख छात्राओं को प्रोत्साहन राशि अभी नहीं मिलेगी। क्योंकि इन्हें राशि देने के लिए शिक्षा विभाग के पास पैसा ही नहीं है। पिछले साल इस योजना के लिए 650 करोड़ मिला था। यह खर्च हो चुका है। इस वित्तीय वर्ष में इस मद में मात्र 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
इसकी भी निकासी पर बंदिश है। वित्त विभाग के निर्देशों के अनुसार प्रथम तिमाही में 66 करोड़ ही खर्च हो सकता है जो 13,200 छात्राओं के लिए ही होगा। इससे साफ है कि प्रोत्साहन राशि की दावेदार छात्राओं को पैसे के लिए अभी इंतजार करना होगा। गौरतलब है कि नए बने पोर्टल पर 31 मार्च 2021 के बाद से 1.96 लाख स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं का रिजल्ट अपलोड हो चुका है।
ऐसे समझिए कहां कितना गैप, पूरा हिसाब-किताब
योजना शुरू : 2018 से मिलना था 25 हजार
31 मार्च 2021 तक करीब 2.75 लाख छात्राओं ने आवेदन किया। जिसमें से 1.19 लाख छात्राओं को राशि नहीं मिली थी। इसमें से एक अप्रैल 2018 से 1 अप्रैल 2021 तक स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को 25 हजार की दर से 54 हजार छात्राओं को 135 करोड़ की राशि दी गई। अभी भी 65 हजार छात्राओं को राशि नहीं मिली है।
1 अप्रैल 2021 : राशि बढ़ाकर 50 हजार हुई
नया पोर्टल बनने के बाद राज्य के विभिन्न विश्विविद्यालयों से 30 अप्रैल 2023 तक 1 लाख 63 हजार 173 छात्राओं ने आवेदन किया था। इसमें से 1 लाख 3 हजार छात्राओं को 50-50 हजार की दर से 515 करोड़ की राशि अब तक दी जा चुकी है। अब भी 60 हजार छात्राओं की प्रोत्साहन राशि बाकी है।
विलंब के 2 बड़े कारण
1. 50 हजार की दर से प्रोत्साहन राशि देने के लिए छात्राओं से आवेदन लेने के लिए नया पोर्टल तैयार करने में काफी देर हुई। इसलिए आवेदन देर से लिए गए। मार्च में और अप्रैल में आवेदन लिए गए। अब राशि मिलते ही फिर आवेदन लिए जाएंगे।
2. 25 हजार की दर से राशि मिलने में देर का मुख्य कारण विश्वविद्यालयों ने सर्टिफिकेट जांचने में ही काफी समय लगाया। सरकार के पास भी लगातार इससे जुड़ी शिकायत मिल रही थी। इसके कारण ही शिक्षा विभाग ने अब पोर्टल बनवाया है।
Source :- Danik Bhaskar