गया में पति के सामने पत्नी कार में जिंदा जल गई, लेकिन वो कुछ भी नहीं कर पाया। हादसा गुरुवार रात को हुआ। महिला के पति ने बताया कि वो लोग टिकारी-कुर्था मार्ग से मऊ की ओर जा रहे थे। तभी पुल के पास जाते ही कार अनियंत्रित होकर 10 फीट नीचे जा गिरी।
नीचे गिरते ही कार में आग लग गई। मैं ड्राइवर साइड का गेट खोलकर बाहर निकला। और पत्नी को निकालने के लिए दौड़ा। तब तक पूरी कार लपटों से घिर चुकी थी। मेरे सामने ही मेरी पत्नी कार में जिंदा जल गई। वो चीख रही थी। मुझसे बचाने की गुहार लगा रही थी, लेकिन मैं कुछ भी नहीं कर सका।
ये हादसा गया में गुरुवार की देर रात टिकारी-कुर्था के बीच हुआ है। कुर्था-टिकारी मार्ग पर कैलाश मठ गांव के पास कार में जिंदा जलने से महिला की मौत हो गई। मृतक टिकारी के मऊ गांव की राम कुमार (38) की पत्नी संगीता देवी (34) थी।
पत्नी की थाइराइड की जांच करा कर गया से लौट रहे थे
राम कुमार ने बताया कि वो पत्नी की थायराइड की जांच करवाकर लौट रहे थे। कुछ ही दिन पहले राम कुमार ने अपनी स्विफ्ट डिजायर कार एक दोस्त को दी थी। उस दोस्त से उन्होंने आल्टो 2007 मॉडल ले रखी थी। इसी कार से वे पत्नी को दिखाने के गया गए हुए थे। पत्नी को दिखाने बाद वे मऊ अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते मे यह हादसा हुआ। राम कुमार के तीन बच्चे हैं। सभी छोटे हैं।
वो चिल्लाती रही…मैं कुछ नहीं कर पाया
महिला के पति राम कुमार ने बताया कि उन्हें बिल्कुल समझ ही नहीं आया की ये हादसा कैसे हो गया। कैसे गाड़ी एकदम से अनियंत्रित हो गई। कब हम लोग पुल से नीचे खाई में गिरे। पुल से नीचे गिरते ही कार में आग लगना शुरू हो गई थी।
मैं ड्राइवर साइड वाला गेट खोलकर बाहर निकला। पत्नी मेरी बगल वाली सीट पर बैठी थी। मैं तेजी से उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन उस 30-40 सेकंड में ही आग की लपटों ने कार को घेर लिया। संगीता चिल्लाती रही। मेरा नाम लेकर बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन मैं उसकी कोई मदद नहीं पाया।
आग लगने के बाग संगीता बचाने के चीखती रही। पति ने बचाने की कोशिश भी की, लेकिन आग की लपटों के सामने वो बेबस हो गए।
लोगों ने बताया कि कार गया से टिकारी-कुर्था मार्ग से मऊ की ओर जा रही थी। रास्ते में कैलाश मठ के पास बनी पुलिया से कार अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहराई में जा गिरी। कार के नीचे गिरते ही उसमें आग लग गई। कार तेजी से जलने लगी। कार चला रहे राम कुमार किसी तरह बाहर निकले और पत्नी को जलती हुई कार से बाहर निकालने की कोशिश की। आग की लपटों के सामने उनकी एक नहीं चल सकी। महिला के तीन बच्चे भी हैं।
दमकल की गाड़ी ने पाया आग पर काबू
गाड़ी में आग लगने के बाद राम कुमार ने शोर मचाना शुरू किया तो पास के गांव वाले मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक राम कुमार की पत्नी कार में बुरी तरह से जल चुकी थी। हादसे की सूचना के बाद टिकारी से दमकल की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
टिकारी थानेदार श्रीराम चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग बुझाए जाने के बाद महिला की जली हुई लाश को बाहर निकाला गया। वहीं इस घटना की खबर मऊ गांव में पहुंची तो गांव के लोग दंग रह गए। बड़ी संख्या में लोग रात के समय घटना स्थल पहुंच गए।
Source :- Danik Bhaskar